Don’t listen to stories, tell the stories

Sunday 4 November 2018

चल भोले के पास....चल किन्नर कैलाश.... प्रारंभ(भाग-1)


हर हर महादेव मित्रों,
इस यात्रा को शुरू से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
पिछले भाग में आप किन्नर कैलाश जी का भौगोलिक और पौराणिक महत्व पढ़ चुके हैं। अब आते हैं यात्रा पर.....
             आमतौर पर यात्रा का आरंभ होता है तब, जब हम अपना बैग उठाकर एक निश्चित गंतव्य के लिए निकल पड़ते हैं। उस समय से countdown शुरू हो जाता है। यात्रा के लिए आप अपना समय देना शुरू कर देते हैं। पर एक बात बताओ दोस्तों, जो समय आपने किसी स्थान की जानकारी इकट्ठा करने लगाया है, उसका क्या??? समय सारा ही महत्वपूर्ण होता है.... बेशक वो यात्रा में लगा हो या यात्रा की तैयारियों में। तो इसलिए, इस यात्रा का आरंभ होता है मार्च में कई गई आगरा, मथुरा-वृंदावन, गोकुल व फतेहपुर सीकरी की यात्रा करने के कुछ दिनों बाद। पता नही कैसे व कहाँ से मुझे इस स्थान की जानकारी मिली और अचानक से मेरा मन खिंच गया किन्नर कैलाश की तरफ। आप सब जानते ही हैं कि इस यात्रा को कठिनतम यात्राओं की श्रेणी में रखा जाता है। इससे पहले तक मैंने कोई पहाड़ी trek भी नहीं किया था, लेकिन फिर भी पता नहीं क्यों......मैं इसके प्रति उत्सुक हो गया। वो कहते हैं न आपकी क़िस्मत आपको वहां तक पहुंचा ही देती है जहांं उसनेे पहुंचाना है। बस यही मेरे साथ हुआ। किन्नर कैलाश यात्रा की विस्तृत जानकारी इकट्ठा करना चाही तो पता चला कि 2-3 लोगों ने ही इसके बारे में लिखा है बस। सन्दीप पंवार जी का ब्लॉग पढ़ा। फेसबुक पर सर्च किया तो वहां से कुछ-कुछ बातें पता लगनी शुरू हुईं।

गर फिरदौस फेरे जमियस्तो.... हमिंयस्तो, हमिंयस्तो

सपनों को कैसे सच किया....
             फिर एक आईडिया दिमाग मे आया....फेसबुक पर यात्राओं से सम्बंधित एक ग्रुप है ""घुमक्कड़ी दिल से""। मैंने इस ग्रुप में पोस्ट डाल दी कि मैं किन्नर कैलाश जाना चाहता हूं। कोई इच्छुक है तो मेरे नंबर पर कॉल करें। कॉल तो नही पर कई सदस्यों के कॉमेंट्स आए:-
1. पहले कोई ट्रैक किया है क्या भाई?? मत जा...नहीं कर पाएगा।
2. भाई! 6000 मीटर पर है किन्नर कैलाश। oxygen न के बराबर है। मौसम बिगड़ जाता है। पिछले साल इतने लोग मर गए थे। blah....blah...blah...
3. सिर्फ नीचे एक भंडारा लगता है भाई! बीच में कहीं खाने-पीने का इंतजाम नहीं है। 4 दिन तक क्या खाकर जिएगा??? ऊपर से खड़ी चढ़ाई पहाड़ों की....कोई रास्ता नहीं। मत जा भाई....पहले कोई ट्रैक तूने किया नहीं।

          तब दो-तीन दिन बाद एक अनजान नंबर से फोन आया कि मैं रुपिंदर बोल रहा हूं, संगरूर से। हम भी तीन जने किन्नर कैलाश जाएंगे। क्यों ना साथ में चला जाए??
"अंधा क्या चाहे, 2 आंखे। ऊपर से rayban का चश्मा मिल जाये तो क्या कहने".....ठीक है जी। मैं इन तारीखों को सोच रहा हूँ जाने की, आप बता दो अपना....बना लो प्रोग्राम।

            तो मित्रों किन्नर कैलाश यात्रा वैसे तो 1 अगस्त से 15 अगस्त तक आधिकारिक रूप से चलती है पर लोग-बाग 15-20 दिन पहले और बाद तक भी आते-जाते रहते हैं। 23 जुलाई 2017 को चंडीगढ़ में मेरा पेपर था। जब भी आपको शिमला, रामपुर या किन्नौर आदि जाना है, तो चंडीगढ़ से होकर ही जाना पड़ता है। रुपिंदर ओर को भी संगरूर से चंडीगढ़ ही आना था, तो यह तय हुआ कि हम 23 जुलाई की शाम को 6:00 बजे चंडीगढ़ मिलेंगे और वहीं से इकठ्ठे चलेंगे। कुछ दिन तक हम सोचते रहे कि कार में जाएंगे, पर रूपिंदर भाई का एक बंदा जवाब दे गया। कार में तीन लोगों का जाना महंगा पड़ता तो फिर तय हुआ कि बस में चलेंगे।
           यहां आपको एक बात बता देता हूँ। यदि आप किन्नर कैलाश या श्रीखंड कैलाश या शिमला, रामपुर या सांगला घाटी जाना चाहते हैं और वह भी बस में, तो golden idea देता हूँ। चंडीगढ़ से शाम 6:00 बजे और 7:00 बजे दो बसें चलती हैं सीधी रिकांगपिओ की। यूं तो बसें इससे पहले भी हैं, पर वह रामपुर तक जाती हैं, उसके बाद बदलनी पड़ती है। इस समय की बसों का फायदा यह है कि आपकी पूरी रात सफर में कट जाती है। मान लीजिए, आप सुबह वाली किसी बस से जाते हो तो रात 10-11 बजे रेकोंगपिओ पहुंचोगे। फिर वहां कमरा लेना, औसतन ₹500 का कमरा और 1 दिन फालतू, जो अपने बस में लगाया.....मेरे विचार से तो सौदा घाटे का ही है। मैं तो जब भी गया, इसी बस से गया।
           कहां था मैं.... हाँ, जाने से 1 दिन पहले यानि 22 जुलाई को रुपिंदर भाई का फोन आया कि भाई! काम खराब हो गया।
- क्या हो गया भाई??? सब सुख शांति??
हाँ भाई! पर मेरी दुकान पर जो लड़का काम करता है, वह काम छोड़कर चला गया। भाई अब पक्का नहीं पता कब जाना होगा??
 - कोई बात नहीं, भाई जी। कल नहीं चलते। आप बंदा देख लो, आराम से एक-दो दिन में मिल जाएगा।
कोई ना अक्षय पाजी। मैं देखता हूं कोई बंदा।
        तो जी, 22 गई, 23 गई, 24 तो गई ही गई, 25 भी गई। इस बीच रुपिंदर जी से बातचीत होती भी रही। 26 जुलाई को भाई ने फोन पर साफ-साफ कह दिया- अक्षय भाई, हमारा पक्का नहीं बन रहा कि कब जाना होगा। बब्बू की भी छुट्टियों की दिक्कत चल रही है। आप क्यों मेरे कारण लेट हो रहे हो, आप निकल लो।
- नहीं भाई, आप देख लो। इतने दिन से हम बात कर रहे हैं इकठ्ठे जाने की। चल पड़ेंगे एक-दो दिन में।
पर रुपिंदर भाई ने बड़े भाई की तरह ऑर्डर देकर कहा कि अब बहुत हो गया। अब तूने हमारे कारण नही रुकना। तू चला जा। यही होता है अपनत्व और स्नेह.....आप-आप करके बात करने वाला बन्दा अचानक से तू कहने लगा। तब मेरे मन से आवाज आई,  हेराफेरी के बाबूभाई की तरह......तू जा रे पांड्या, मैं तेरे बगैर जी लूंगा रे!!☺☺☺☺

       तो 26 जुलाई को रात वाली बस से मैं जाने के लिए तैयार हो गया। टिकट ऑनलाइन इसी लिए नही करवाई थी कि क्या पता कब जाना हो। तो अब तो सीधा बस स्टैंड से ही टिकट लेनी थी। माताजी पूछने लगे तो कह दिया कि अकेला ही जाऊंगा, चिंता करने की जरूरत नहीं है। पर माँ के मन को कौन समझाए.... कसमें खिलाई गई....कुछ भी हो, सही-सलामत वापिस आना है.... ध्यान से रहियो...जरूरत हो तो 2 रजाई ले लियो...और हाँ! किसी से कुछ लेकर मत खाइयो...जमाना बड़ा खराब है।। माँ.. मेरी माँ.... अब तुझे सच बताया तो तू जाने नही देगी। आके बताऊंगा सब कुछ। असल मे चिंता तो मुझे भी थी। यह यात्रा मुश्किल ही बहुत है। अकेले इसे करना कितना कठिन काम है, यह सिर्फ वही जान सकते हैं, जिन्होंने इस स्तर का कोई ट्रैक किया हो। श्री केदारनाथ व अमरनाथ यात्रा को लोग मुश्किल कहते हैं पर दोस्तो, इनकी चढ़ाई किन्नर कैलाश के 5% के बराबर भी मुश्किल नहीं है। नहीं यकीन होगा आपको.....मुझे भी नहीं था। जब वहां गया तो पता लगा।
चंडीगढ़ से यात्रा के बेस कैम्प पोवारी तक

            खैर, 40 रुपये की टिकट मेरे दूसरे घर लालड़ू से चंडीगढ़ सेक्टर 17 की लगती है। एक बात और, चंडीगढ़ जाने वाली अधिकतर बसें जाती हैं सेक्टर 17 में। शिमला आदि की बसें जो है, वो मिलती है सेक्टर 43 से। इसलिए जाने से पहले यह पता करके जाएं। कहीं बैठे रहो सेक्टर 17 में और बस निकल जाए। किसान भवन उतरा और 43 का ऑटो लिया। 10 मिनट ओर 20 रुपये में मैं सेक्टर 43 पहुंच गया। जाकर पूछा तो 6:00 बजे वाली बस 10 मिनट में पहुंचने वाली थी, पर सीट नहीं थी। तुरंत पैर 7:00 बजे वाली बस की विंडो सीट बुक कर ली। बस थी रेकोंगपिओ की पर अपन को तो पोवारी जाना था। कुल ₹500 की  टिकट लगी। अब इत्मीनान से बेंच पर बैठकर 7 बजे का इंतजार करने लगा। मेरी फितरत है कि कोई मेरे पास बैठा होता है तो मैं बातचीत शुरू कर लेता हूँ। यहीं पर बने एक मित्र B.S. NEGI, जो हिमाचल में रोहड़ू के रहने वाले हैं। श्रीखंड यात्रा में उनसे मिलना प्रस्तावित था, पर वो आ नही पाए। खैर, 7 बजे वाली बस लग गई और मैं अपनी सीट पर जाकर बैठ गया। कुछ समय बाद स्कूली लड़कियों की एक टोली आयी, जो चंडीगढ़ में किसी sports event के लिए आईं थी।
मैं फोन पर अपने डैडी जी(ताऊ जी) को बस में बैठने की जानकारी दे रहा था, अचानक से उनकी आवाज़ किसी महिला जैसी हो गयी। चलती बात में अचानक से वो मीठी सी आवाज़ में EXCUSE ME कहने लगे.....ये क्या हुआ...कैसे हुआ.... तब एक हाथ ने मुझे छुआ। देखा तो लड़कियों की टोली की हेड टीचर थी। जैसे ही मैने उन्हें देखा तुरन्त उन्होंने मुझसे आग्रह किया, बिल्कुल मीठी सी आवाज में, " Can I Have The Window Seat, Please??"
और मैंने उतनी ही rude आवाज़ में उत्तर दिया," No, You Can't". और मैडम जी ने मुझे इस तरह से देखा जैसे पता नहीं मैंने उनका क्या छीन लिया हो। अरे भई, विंडो सीट के लिए 2 घंटे पहले मैं चंडीगढ़ आया हूं। अगर तुझे देदी, तो वादियों के नजारे कौन देखेगा और वैसे भी जुलाई का महीना है....पसीने से नहाया पड़ा हूँ....जो pepsi खुद पी रही है, वो मुझे ऑफर करने की बजाय मुझ ही से सीट मांग रही है। खैर, बस चल पड़ी। 8 बजे के करीब हमारी बस चंडीगढ़ के बाद पर्वतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गई। यह बस सोलन से थोडा पहले धर्मपुर में एक ढाबे पर खाने के लिए रूकती है। अरे कमाल करते हो.....बस नहीं खाती भई....यात्री खाना खाते हैं। पर मैं तो घर से पूरी और आलू की सूखी सब्जी लेकर चला था। अपन ने तो बस में वही निपटा दी।
विभिन्न स्थानों व यात्राओ से सम्बंधित जानकारी लेने व चित्र देखने के लिए मेरे fb पेज पर लाइक कर सकते हैं।
सेक्टर 43 बस स्टैंड पर मैं।


रात में सोलन। चलती बस से खींचा चित्र।

बैठे बैठे क्या करें, करना है कुछ काम।
चलो खींचे फ़ोटो, लेके भोले का नाम।।
       लगभग आधे घंटे बाद बस दोबारा चल पड़ी। दिन में मुझे बस में कभी नींद नही आती, रात में कभी आ जाती है तो कभी नहीं आती। सोलन पार हो गया। सोलन के बाद मैं आंख बंद करके सोने की कोशिश करने लगा तो अचानक से मेरे कंधे पर कुछ गिरा। देखा, तो मीठी आवाज वाली मैडम और मेरे बीच में 17-18 साल की लड़की बैठी थी। सोते समय उसका सिर आ गया मेरे कंधे पर। मुझे काटो तो खून नहीं....  क्या करूं रे बाबा......रुपिंदर भाई इसीलिए मैं चाहता था कि तुम लोग मेरे साथ चलो.....
         काफी जद्दोजहद के बाद उन मोहतरमा का सिर मैंने उठाया, पर फिर एहसास हुआ कि मैं व्यर्थ ही यह प्रयास कर रहा हूं। उसका सिर बार-बार मेरे कंधे पर आ जाता था। ऐसे में मैं जागता ही रहा। शिमला आने से पहले हालत यह हो गई कि मुझे खिड़की बंद करनी पड़ी। जुलाई में शिमला में रात में रजाई ओढनी पड़ जाती है और चलती बस में तो वैसे ही हवा के कारण ठंड ज्यादा लगती है। लगभग पौने 12 बजे बस शिमला पहुंची। मैं खड़ा हुआ, अपने बैग में से अपनी जैकेट निकाली और टीशर्ट के ऊपर ही डाल ली। Collor वाली टीशर्ट और ऊपर जैकेट, कंबीनेशन तो नहीं था, पर अपन कौन सा रिश्ता करवाने जा रेला है। लगे हाथ गिरते सिर वाली लड़की को भी सिर संभालने को कहा और सोने की कोशिश करने लगा। शिमला में ऐसी आंख मीची कि फिर तो सुबह रामपुर जाकर ही आंख खोली। हाँ, इस बीच में कंधे पर surgical strike होती रही, नींद आती-जाती रही, पर मैंने आंख नही खोली।
कदम जो चले हैं तो अब ना रुकेंगे। 

चाहे लाख आएं बाधाएं, हम ना रुकेंगे...हम न रुकेंगे।
कॉलर वाली टीशर्ट ओर जैकेट.....नही है न कॉम्बिनेशन???


ये थी वो नई-नवेली बस।


         रामपुर बुशहर आकर एकदम से कंडक्टर की आवाज आई.....पिओ जाने वाले दूसरी बस में बैठ जाओ। अब खटारा बस का स्थान नई नवेली बस ने ले लिया। मैं तो छोड़ चली बाबुल का देस....पिया का घर प्यारा लगे। अरे भई.... ड्राइवर की सीट के पास एक शादी वाला चूड़ा टँगा था, ओर ये लिख रखा था। रामपुर से निकलकर उजाला होने लगा था। इस बस में मुझे खिड़की वाली सीट नहीं मिली, इसका दुख था। रात को सीट के लालच में मीठी आवाज वाली मैडम को कड़वा भी किया....पर क्या फायदा। रामपुर से 12 किलोमीटर दूर एक गांव है ज्यूरी और बस ज्यूरी में मुझे मिला JOY. मीठी आवाज वाली मैडम और उसका ग्रुप वहाँ उतर गया, पर मुझे जगह नही मिली। एक सीट पर 50-52 की उम्र के एक अंकल बैठे हुए थे। मैंने उनसे पूछा,"अंकल जी! आप यही के लोकल हो क्या?"
=हाँ बेटा! क्या हुआ?
अंकल जी, मैं हरियाणा से आया हूँ। मेरे पास विंडो सीट थी, पर जब रामपुर में बस की बदली हुई, तो नही मिली। वहीं के बाद सुबह हुई है। मुझे पहाड़ी नजारों की फोटो लेनी है। क्या आप मुझे अपनी सीट दे सकते हैं??
और अंकल ने कोई जवाब नहीं दिया। मुझे उम्मीद थी कि उठ जाएंगे, पर उन्होंने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अंकल जी बिना उठे ही सरके और मुस्कुरा कर अपनी सीट मुझे दे दी। बस फिर तो अंकल जी से बातचीत का दौर शुरू हो गया। उन्हें रिकांग पिओ जाना था। हम बातें करते गए और बीच मे आया किन्नौर का प्रवेश द्वार..... एक ऐसी संकरी सड़क जिस पर एक समय में केवल एक ही वाहन चल सकता है। उस सड़क पर पहाड़ को काटकर बनाई गई गुफानुमा सड़क। पक्का तो नहीं कह सकता लेकिन इस सड़क को विश्व की कुछ कठिनतम व जानलेवा सड़कों में से एक माना जाता है। इसे पार करने के कुछ देर बाद बस ने ब्रेक मारे टापरी बस स्टॉप पर..... चाय नाश्ते के लिए। और हां.....अब की बार भी चाय-नाश्ता बस को नहीं यात्रियों को करना था। यहां मैं बस से उतरा और ब्रश किया। बिना ब्रश किए तो मैं पानी भी नहीं पी सकता। ब्रश किया और बैठ गया बस में। टापरी के बाद आता है करछम डैम। रामपुर से रेकोंगपिओ तक सतलुज पर 2 डैम बने हैं। यहां की lifeline है सतलुज और मेरे लिए जिज्ञासा का विषय। श्रीखण्ड यात्रा में, पता नही क्यों, पर सतलुज से मेरा प्रेम का नाता से जुड़ गया। अभी जानकारी जुटा रहा हूँ। सम्भवतः इस यात्रा वृत्तांत के बाद सतलुज पर भी एक विस्तृत लेख लिखा जाए। खैर, बस यूं ही लहराती बलखाती नागिन जैसी सड़क पर चल रही थी। अचानक से बस की आवाज बन्द हो गयी, पर आश्चर्य... बस अपनी गति में ही चल रही थी। अरे रे! घबराइए मत, बस की आवाज़ सतलुज की आवाज़ में दब गई थी। कई जगह ऐसा होता कि सतलुज सिंहनाद करते हुए अपने रौद्र रूप में बहती, तो बस की आवाज़ उसके सामने कहीं भी नही टिकती।
ये नजारे आम बात है यहाँ।
प्रवेश द्वार से निकलती हमारी बस।

आधिकारिक रूप से तो किन्नौर पहले ही शुरू हो जाता है। पर किन्नौर का प्रवेश द्वार इसे ही कहा जाता है।

उस समय सूर्योदय हुआ हुआ सा ही था, और सूर्यदेव बदलो के पीछे थे।

संकरा रास्ता है.... हमारी बस रुकी खड़ी है। पहले वो ट्रक आएगा...जाएगा...तब हमारी बस जाएगी।

एक ओर।
          इसी तरह खुद भी नजारे देखती व दूसरों को भी दिखाती हुई बस पहुंच गई, तंगलिंग पुल। माधवानंद अंकल, वही बस वाले, उन्होंने कंडक्टर को पहले ही बोल दिया कि मुझे भंडारे पर उतारे, अन्यथा स्टॉपेज डेढ़ किलोमीटर पहले है। पर हिमाचल की साधारण बसों में आप जहां भी कहोगे, वहाँ आपको उतार दिया जाता है। उतर कर मैंने भंडारे में प्रवेश किया तो "जय शंकर"के गगनभेदी उद्घोष ने मेरा स्वागत किया। प्रत्युत्तर में मैंने भी हर हर महादेव कहा। असल मे एक ग्रुप किन्नर कैलाश जा ही रहा था। जाते ही अपना बैग रखा और फोन को चार्जिंग पर लगाया।
आप सोच रहे होंगे कि इस लेख में क्या है खास..... सब जाते ही हैं बसों में, ट्रेनों में, बाइक पर, अन्य साधनों से। पर दोस्तो, सफर की यही खट्टी-मीठी यादें ही उसे सफर बनाती हैं। ऐसे सफर में कई बार जीवन भर के दोस्त बन जाते हैं....मेरे तो बनते हैं भई. ..आपके भी बनते ही होंगे। खैर, अब तो पोवारी पहुंच ही गए हैं... अगले लेख में चढाई शुरू कर देंगे भोले का नाम लेकर। तब यक आप रास्ते के फोटो देखो...आपकी शिकायत थी कि मैं मेरे फ़ोटो ज्यादा लगाता हूँ। पहले मैं घुमक्कड़ नही था, अब हो गया हूँ। उस बदलाव को आप फोटोज में देख पाएंगे.... सभी फ़ोटो चलती बस में से ही ली गयी हैं।
क्रमशः
पिछले लेख पढ़ने के लिए निम्न लिंक पर क्लिक करें:-


रामपुर की मस्तानी सुबह
झाकड़ी में भारतीय सेना का mountain guide camp है, शायद छोटी छावनी थी। बहुत से जवान रास्ते मे दौड़ भी लगा रहे थे।



जिस प्रकार से शरीर मे नसें काम करती हैं न, उसी तरह पहाड़ में ये बसे काम करती हैं।

यही तो कमजोरी है मेरी, जो घुमक्कड़ी में पहली प्राथमिकता पहाड़ो को देती हैं।

फोटो को ज़ूम करो, बिल्कुल बाएं कोने में कुछ घर दिखेंगे। गांव का नाम तो मालूम नही, पर वहां जाना कितना खतरनाक होगा ये फोटो में दिख जाएगा।

धन्य देश महान, धन्य हिंदुस्तान

ऐसे अनगिनत पुल आते हैं रास्ते मे

इसे देखकर क्या अनुभूति हो रही है???

किन्नौर गेटवे के पास बारिश हो रही थी। कटी हुई चट्टान से ऐसे टपक रहा था पानी।

झरना तो दिख ही रहा होगा। यहां तो चले जाएं तो बात बन जाएं।

गेटवे ऑफ किन्नौर से निकलती हुई बस

मेरा प्यार बन चुकी है तू सतलुज

मैं तो निःशब्द हूँ। आओ कुछ कह सके इसकी सुंदरता के बारे में तो वाह वाह


ये भी रास्ते मे एक dam बनाया गया था। यहां पानी के भाव मे बस की आवाज़ दब सी गयी थी।

किसी छोटे पर्वतीय नाले का सतलुज में संगम। ये ही तो सतलुज तो एक नद बनाती हैं।



बादलों के देस में

अब चलते हैं किन्नौर प्रदेश में
तरण्डा ढांक में प्रसिद्ध देवी तरण्डा माता का मंदिर।

क्या पुल है....वाह

इतना चौड़ा पट है सतलुज का यहां....अथाह जलराशि समाहित है सतलुज में।

सतलुज से मिलन को लालायित एक नाला।

आ गया मैं तेरी ओर.... प्रेम में यही होता है। जब तक स्वयं का अस्तित्व न भूले तो क्या खाक प्रेम किया.....जैसे ये नाला अपनी सफेद सुंदरता छोड़कर अब मटमैला हो जाएगा।

टापरी में आदरणीय माधवानन्द अंकल के साथ।

और ये टापरी में मैं।

रास्ते के ऐसे पहाड़ मुझे बहुत आकर्षक लगते हैं। इसपे चढाई करने का बड़ा दिला था मेरा।

पुल से पहले लगा चेतावनी पट्ट।

एक समय पर पुल पर केवल एक ही वाहन चल सकता है। अब हमारी बस चल रही है।

देखो सतलुज का रौद्र रूप..... ये तो होगा ही आखिर महादेव की धरती से आई है ये नदियों की रानी।

ये आ गया हिमाचल के लद्दाख।

अब यहाँ हमारी बस प्रतीक्षा में है.... वो सब निकलेगी तो हमारी जाएगी।

ओर ये हम भी चल पड़े।

ये शांत दिख रही है..पर है नही.......#शैतान सतलुज।

सड़क निर्माण का कार्य यहां युध्स्थिति पर है। एक तो सांगला का बढ़ता पर्यटन दूसरा चीन की सीमा से नजदीकी..अब तो रॉड बनेगा ही।

बोर्ड पढ़ें।

देख! मेरा प्रेम...अपना वक्ष फाड़कर तुझे रास्ता दे रहा हूँ मैं
ये पहाड़ मुझे ये कहता प्रतीत हो रहा था।


पहुंच गए पोवारी......इन्ही पहाड़ो की ओर चलो, 10-12 पहाड़ पर करो....पहुंच जाओगे किन्नर कैलाश।

पोवारी में भी सतलुज का एकछत्र राज चलता है।

भंडारे के सामने सड़क पर मैं।

किन्नर कैलाश यात्रिओ के लिए लगाया जाने वाला भंडारा। इस चित्र का वर्णन अगले लेख में करेंगे।